ओ.एस.जी.यू. में भव्य प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन, 31 विद्यार्थियों का हुआ चयन

ओ.एस.जी.यू. में भव्य प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन, 31 विद्यार्थियों का हुआ चयन
हरियाणा हिसार// राजेश सलूजा
युवाओं के सपनों को साकार करने में अपना अहम योगदान देते हुए ओम स्टर्लिंग ग्लोबल विश्वविद्यालय (ओएसजीयू) द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतरीन अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। इस ड्राइव में देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं— एनआईआईटी (आईसीआईसीआई बैंक हिसार के लिए) और मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित सुप्रसिद्ध होटल विजन महल के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. पुनीत गोयल और प्रो-चांसलर डॉ. पूनम गोयल ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अपने संदेश में कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार कर आत्मनिर्भर बनाना है। इस प्लेसमेंट ड्राइव में विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस और हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट विभाग के लगभग 41 अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों और पूर्व विद्यार्थियों (एलुमनाई) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और चयनित विद्यार्थियों की स्किल्स के आधार पर 4 लाख सालाना से लेकर 9 लाख सालाना तक की सैलरी ऑफर की जाएगी। इंटरव्यू शुरू होने से पहले एक विशेष ‘प्री-प्लेसमेंट टॉक’ का आयोजन किया गया, जिसमें कंपनियों से आए अधिकारियों ने अपने संस्थानों की कार्यप्रणाली, जॉब प्रोफाइल और करियर ग्रोथ से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विद्यार्थियों के साथ साझा कीं। ग्रुप सीओओ एवं प्रोवोस्ट डॉ. अजय कुमार पोद्दार तथा कुलपति डॉ. एन. पी. कौशिक ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार करते हैं और उन्हें कॉर्पोरेट जगत की चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाते हैं। चयन प्रक्रिया के लिए एनआईआईटी से सीनियर मैनेजर (हरियाणा, पंजाब, गुजरात, राजस्थान) श्री राजेंद्र जोधा तथा होटल विजन महल से असिस्टेंट एचआर श्री अश्वनी विशेष रूप से विश्वविद्यालय पहुंचे। इस प्लेसमेंट ड्राइव में एनआईआईटी के प्रतिनिधियों ने आईसीआईसीआई बैंक, हिसार में रिलेशनशिप एवं सेल्स मैनेजमेंट और फिनटेक ऑपरेशनल मैनेजर के पदों के लिए 20 विद्यार्थियों को शॉर्टलिस्ट किया। इन चयनित विद्यार्थियों का अंतिम साक्षात्कार अब बैंक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसी कड़ी में होटल विजन महल द्वारा हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट के कुल 11 विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिसमें 9 विद्यार्थियों को इंडस्ट्रियल ट्रेनी और 2 विद्यार्थियों को जॉब ट्रेनी के पद पर नियुक्ति मिली।इस संपूर्ण प्लेसमेंट ड्राइव का कुशल संचालन ग्रुप डायरेक्टर एवं प्रोफेसर (आउटरीच, ट्रेनिंग एंड क्वालिटी) डॉ. शोभना पोद्दार और उनकी टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. शोभना पोद्दार ने बाहर से आए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शत-प्रतिशत प्लेसमेंट के लिए ऐसी प्रतिष्ठित कंपनियों को आमंत्रित करता रहेगा।



